सिटी न्यूज़ की खबर का बड़ा असर! पांकी में डॉ. वीरेंद्र कुमार का निजी क्लीनिक सील, स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

सिटी न्यूज़ में प्रकाशित खबर का हुआ असर
पांकी में डॉ. वीरेंद्र कुमार का निजी क्लीनिक सील, स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

मंगलवार को जांच के दौरान हुआ था विरोध, बुधवार को सिविल सर्जन के निर्देश पर प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में की गई कार्रवाई।

पांकी पलामू

पांकी थाना क्षेत्र के गजबोर स्थित डॉ. वीरेंद्र कुमार के निजी क्लीनिक को बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने सील कर दिया। यह कार्रवाई सिविल सर्जन के निर्देश पर प्रशासन एवं पुलिस की मौजूदगी में की गई। सोमवार को इलाज के दौरान एक 7 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले के बाद स्वास्थ्य विभाग लगातार मामले की जांच कर रहा है। इसी क्रम में जांच के आधार पर क्लीनिक को सील करने की कार्रवाई की गई। बताया जाता है कि कुछ दिन पूर्व एक 7 वर्षीय बच्चे की निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया था, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू की और संबंधित क्लीनिक के संचालन से जुड़े दस्तावेजों एवं व्यवस्थाओं की जांच की गई मगलवार की शाम पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. महेंद्र प्रसाद, पांकी के अंचलाधिकारी (सीओ) तथा थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह जांच के लिए क्लीनिक पहुंचे थे। जांच के दौरान क्लीनिक के बाहर कुछ लोगों ने विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल मोर्चा संभाला और हालात को नियंत्रित किया। मामले की सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) प्रशांत कुमार ने भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त की। मंगलवार को विरोध की स्थिति उत्पन्न होने के कारण तत्काल कार्रवाई नहीं की जा सकी। इसके बाद बुधवार को सिविल सर्जन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम दोबारा क्लीनिक पहुंची प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस बल की मौजूदगी में नियमानुसार क्लीनिक को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पूरे परिसर का निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद क्लीनिक को बंद कर सील कर दिया गया। सीलिंग की कार्रवाई के दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉ. महेंद्र प्रसाद, अंचल कार्यालय से CI उपेंद्र कुमार, डॉ. रियाज अनवर, सुमित कुमार, शमशाद अंसारी तथा पांकी थाना के एसआई रविंद्र कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे। प्रशासन की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस संबंध में चिकित्सा प्रभारी डॉ. महेंद्र प्रसाद ने बताया कि संबंधित निजी क्लीनिक पर पहले से ही एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। उन्होंने कहा कि उच्चाधिकारियों के निर्देश के आलोक में बुधवार को क्लीनिक को सील करने की कार्रवाई की गई। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि क्लीनिक में कंपाउंडर द्वारा मरीजों का इलाज किया जा रहा था, जो नियमों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि 7 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में अब तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। यदि परिजनों द्वारा आवेदन दिया जाता है तो नियमानुसार उसकी जांच कर आवश्यक कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की जांच अभी जारी है तथा जांच रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निजी क्लीनिकों के संचालन, चिकित्सकीय मानकों के पालन तथा योग्य चिकित्सकों की उपलब्धता को लेकर समय-समय पर सघन जांच की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जिले में संचालित निजी क्लीनिकों की निगरानी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।