गिरिडीह के पीएम श्री विद्यालय में चोरी, तोड़फोड़ कर सामान लेकर फरार बदमाश
गिरिडीह। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धनयडीह स्थित पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय के नए भवन में आज सुबह असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ और चोरी की घटना सामने आई। विद्यालय प्राचार्य भुवनेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया कि 13 जुलाई को नोडल शिक्षक ने भवन का ताला लगाकर रखा था, जबकि अगले दिन सुबह 5:15 बजे विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने सूचना दी कि मुख्य गेट का ताला टूटा 4हुआ है।
प्राचार्य भुवनेश्वर प्रसाद ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे पहुंचने पर कार्यालय, पुस्तकालय व प्रयोगशाला (कक्ष संख्या 01, 02, 04 और 05) के ताले व दरवाजों की कड़ी तोड़ दी गई थी। विद्यालय से साउंड बॉक्स, माइक्रोफोन, प्रोजेक्टर का UPS एवं प्रयोगशाला की कई सामग्री तथा तीन पंखे समेत अन्य उपकरण गायब थे; कई सामग्रियों को तोड़-फोड़ कर क्षति पहुंचाई गई है।
प्राचार्य ने कहा कि घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई है तथा उन्होंने थाना में शिकायत दर्ज कराने का अनुरोध किया है। विद्यालय प्रशासन ने परिसर की सीसीटीवी फुटेज और उपस्थित शिक्षकों के बयानों को संकलित कर पुलिस को सौंपने की तैयारी कर ली है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में देर रात कुछ संदिग्ध गतिविधियाँ देखी गई थीं, परंतु अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और शीघ्र ही संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
विद्यालय प्रशासन ने कहा कि चोरी व नुकसान से शिक्षा गतिविधियों पर असर न पड़े इसके लिए आवश्यक उपकरणों की तात्कालिक व्यवस्था की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग उठाई है।

