गिरिडीह में हाथियों के हमले से साइकिल सवार मजदूर की दर्दनाक मौत
गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के कर्री गांव में हाथियों के हमले से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान कर्री गांव निवासी 55 वर्षीय रामचंद्र यादव, पिता स्वर्गीय चुरो महतो के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रामचंद्र यादव रविवार रात सरिया से साइकिल पर अपने घर लौट रहे थे। गांव से लगभग 400 मीटर पहले सुनसान रास्ते पर हाथियों का झुंड मौजूद था। जैसे ही वह वहां पहुंचे, हाथियों ने उन पर हमला कर दिया और पटक दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर बिरनी प्रमुख रामु बैठा और सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और प्रशासन से मृतक के परिजनों को सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा राशि शीघ्र उपलब्ध कराने तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।

