डीएवी स्कूल की दो पूर्व छात्राएं बनीं चार्टर्ड अकाउंटेंट, खुशी अग्रवाल ने AIR-17 हासिल किया

बद्रीनारायण साहा डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल की दो पूर्व छात्राएं बनीं चार्टर्ड अकाउंटेंट, खुशी अग्रवाल ने हासिल की अखिल भारतीय 17वीं रैंक

 बद्री नारायण साहा डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, सिरसिया, गिरिडीह के लिए गर्व का विषय है कि विद्यालय की दो पूर्व छात्राएं खुशी अग्रवाल एवं राधिका मुसद्दी ने मई 2026 में आयोजित चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) फाइनल परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
  खुशी अग्रवाल ने सीए फाइनल परीक्षा में 600 में से 437 अंक प्राप्त कर अखिल भारतीय स्तर पर 17वीं रैंक (एआईआर-17) हासिल की। उन्होंने वर्ष 2019-20 में कक्षा 12वीं में 97.6% अंक प्राप्त किए थे तथा हंसराज कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूरी की। 
राधिका मुसद्दी ने सीए फाइनल परीक्षा में 600 में से 317 अंक प्राप्त कर चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का गौरव हासिल किया। उन्होंने वर्ष 2019–20 में कक्षा 12वीं में 95.2% अंक प्राप्त किए थे तथा कलकत्ता विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा पूर्ण की। दो छात्राओं की यह सफलता न केवल उनकी प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि लगन, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
विद्यालय आगमन पर प्राचार्य सचिन गर्ग ने दोनों छात्राओं को स्मृति चिन्ह भेट कर सम्मानित किया और कहा कि "खुशी और राधिका की सफलता विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। विशेष रूप से खुशी की अखिल भारतीय 17वीं रैंक वर्तमान विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा देती है। मैं दोनों छात्राओं को हार्दिक बधाई देता हूं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करता।"