पालकोट में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, 46 पेटी मिस ब्रांडेड चिली सॉस नष्ट

पालकोट में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 46 पेटी मिस ब्रांडेड चिली सॉस नष्ट, दुकानदारों को सख्त चेतावनी

गुमला: जिले में खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से पालकोट प्रखंड में खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया। उपायुक्त गुमला एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के संयुक्त निर्देश पर संचालित इस अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी, कुमार प्रभाकर एवं आशा राज ने किया।
अभियान के दौरान पालकोट बाजार के होटल, किराना दुकान, थोक एवं खुदरा खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई। निरीक्षण के क्रम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, खाद्य लाइसेंस, पंजीकरण, एक्सपायरी तिथि तथा उत्पादों की लेबलिंग की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करते हुए उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

जांच के दौरान बघिमा स्थित आर.एन. जनरल स्टोर से 24 पेटी तथा निखिल कुमार केसरी के प्रतिष्ठान से 22 पेटी मिस ब्रांडेड चिली सॉस बरामद की गई। विभाग ने कुल 46 पेटी चिली सॉस को अपनी निगरानी में मौके पर ही नष्ट कराया। संबंधित प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की सुसंगत धाराओं के तहत जुर्माना भी लगाया जाएगा।

खाद्य सुरक्षा टीम ने होटल संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, कर्मचारियों द्वारा एप्रन, ग्लव्स और कैप का अनिवार्य उपयोग करने तथा खुले में मसाले और खाद्य तेल के भंडारण या बिक्री से बचने का निर्देश दिया। साथ ही किसी भी प्रकार की मिस ब्रांडेड या अवैध खाद्य सामग्री के क्रय-विक्रय पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में मिलावटी, एक्सपायरी एवं मिस ब्रांडेड खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि केवल मानक एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री का ही उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध खाद्य उत्पाद की जानकारी तुरंत विभाग को दें।