गिरिडीह में करंट लगने से बिजली कर्मी की मौत, लापरवाही के आरोप
गिरिडीह। बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते रविवार शाम एक कर्मी की करंट लगने से मौ,त हो गई। मृ,तक की पहचान मटरूखा पंचायत के सरयू पंडित (46) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार सरयू पंडित पिछले 18 वर्षों से डांडीडीह पावर हाउस में केजुअल वर्कर के रूप में कार्यरत थे। रविवार को वे महतोडीह में ट्रांसफार्मर बनाने का कार्य कर रहे थे। बताया गया है कि काम शुरू करने से पहले शटडाउन लिया गया था, लेकिन काम के दौरान अचानक लाइन चालू हो जाने के कारण सरयू पंडित करंट की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलसकर जमीन पर गिर गए।
घटनास्थल के स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उन्हें मृ,त घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
वहीं घटना को लेकर मटरूखा पंचायत के मुखिया रविंद्र कुमार ने कहा कि यह पूरी तरह बिजली विभाग की लापरवाही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पूर्व सूचना या सुरक्षित व्यवस्था के लाइन चालू कर देने से यह हादसा हुआ। मामले की सूचना पुलिस और बिजली विभाग को दे दी गई है। परिजनों ने बिजली विभाग से उचित मुआवजे और न्याय की मांग की है।

