ढुल्लू महतो ने अरूप चटर्जी को भेजा 2 करोड़ का मानहानि नोटिस
धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो ने निरसा विधायक अरूप चटर्जी को मानहानि का कानूनी नोटिस भेजकर झारखंड की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। सांसद की ओर से अधिवक्ता के माध्यम से भेजे गए नोटिस में आरोप लगाया गया है कि विधायक ने प्रेस वार्ता, मीडिया और सोशल मीडिया पर तथ्यहीन एवं मानहानिकारक बयान देकर उनकी और उनके परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया है। नोटिस में विधायक से सात दिनों के भीतर बिना शर्त सार्वजनिक लिखित माफी मांगने, सभी कथित बयान वापस लेने और संबंधित पोस्ट हटाने की मांग की गई है। साथ ही 2 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति भी मांगी गई है। सांसद ने स्पष्ट किया कि समयसीमा के भीतर मांगें पूरी नहीं होने पर दीवानी और आपराधिक दोनों तरह की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

