मारवाड़ी युवा मंच प्रेरणा ने बचपन स्कूल में लगाया निःशुल्क डेंटल चेकअप शिविर, 50 बच्चों की हुई दंत जांच
मारवाड़ी युवा मंच प्रेरणा ने बचपन स्कूल में लगाया निःशुल्क डेंटल चेकअप शिविर, 50 बच्चों की हुई दंत जांच
गुमला। मारवाड़ी युवा मंच प्रेरणा, गुमला की ओर से सामाजिक सरोकार के तहत सोमवार को बचपन स्कूल, गुमला में बच्चों के लिए निःशुल्क डेंटल चेकअप शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बच्चों में दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समय रहते दांतों से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उचित परामर्श उपलब्ध कराना था।
शिविर में शर्मा डेंटल क्लीनिक के सहयोग से करीब 50 बच्चों के दांतों की जांच की गई। जांच के दौरान कुछ बच्चों में दंत संबंधी समस्याएं पाई गईं। ऐसे बच्चों को बेहतर उपचार के लिए डॉक्टर ने अपने क्लीनिक पर निःशुल्क जांच एवं आवश्यक परामर्श देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर बच्चों के बीच टूथपेस्ट और टूथब्रश का वितरण भी किया गया। साथ ही उन्हें दांतों की नियमित सफाई, सही तरीके से ब्रश करने की आदत तथा मौखिक स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मारवाड़ी युवा मंच प्रेरणा की अध्यक्ष ज्योति फोगला सहित रूपा साबू, स्वाति गोयल एवं श्वेता गोयल की सक्रिय उपस्थिति रही। सभी ने बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और दंत स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।


