धुरकी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लंबे समय से फरार सात वारंटी गिरफ्तार

गढ़वा धुरकी। पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार लंबित मामलों के निष्पादन एवं वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लंबे समय से गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहे जीआर संख्या 2146/17 के सात वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार किए गए वारंटियों में अनिल राम (28 वर्ष), पिता किशुन राम; राजेश राम (34 वर्ष), पिता भगत राम; रमेश राम (31 वर्ष), पिता हरिवंश राम; अवधेश राम (42 वर्ष), पिता हरिवंश राम; संतोष राम (39 वर्ष), पिता हरिवंश राम; बिडू राम (50 वर्ष), पिता स्वर्गीय प्रसाद राम तथा रामप्यारी राम (50 वर्ष), पिता स्वर्गीय प्रसाद राम शामिल हैं। सभी गिरफ्तार अभियुक्त ग्राम पुत्तुर, थाना धुरकी, जिला गढ़वा के निवासी हैं।
थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने बताया कि न्यायालय से निर्गत वारंटों के निष्पादन एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून से बचने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। न्यायालय के आदेशों का पालन कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार सभी वारंटियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। धुरकी थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा लंबित मामलों के निष्पादन के लिए आगे भी इस प्रकार के विशेष अभियान निरंतर जारी रहेंगे।