लातेहार के सुग्गा बांध में बड़ा हादसा, सेल्फी लेते समय गहरे पानी में डूबा युवक
लातेहार के सुग्गा बांध में डूबने से युवक की मौत, सेल्फी लेने के दौरान फिसला पैर; इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम
जिले के गारू प्रखंड स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सुग्गा बांध में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गढ़वा निवासी आयुष तिवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आयुष अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब तीन बजे आयुष अपने चार दोस्तों के साथ सुग्गा बांध घूमने आया था। इसी दौरान वह बांध के किनारे खड़े होकर सेल्फी ले रहा था। तभी अचानक उसका पैर पत्थर से फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।
युवक को डूबता देख उसके एक दोस्त ने बिना देर किए पानी में छलांग लगाकर बचाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही वहां तैनात वन विभाग के कर्मचारी भी तुरंत पानी में उतर गए। उन्होंने काफी प्रयास के बाद आयुष के दोस्त को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन आयुष गहरे पानी में नीचे चट्टानों के बीच फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही बरवाडीह थाना प्रभारी थथी कुमार तथा वन विभाग के फॉरेस्टर साकेत पांडेय मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद गहरे पानी में फंसे युवक के शव को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद सुग्गा बांध घूमने पहुंचे लोगों में शोक का माहौल है।
पर्यटन स्थलों पर बरतें सावधानी
बरसात के मौसम में बांध, झरनों और नदी-तालाबों के आसपास चट्टानें फिसलन भरी हो जाती हैं। ऐसे में सेल्फी लेने या पानी के बेहद करीब जाने से बचना चाहिए, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

