पीले रंग में रंगा बद्रीनारायण साहा डीएवी स्कूल, ‘येलो डे’ पर नन्हे बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा

पीले रंग में रंगा बद्रीनारायण साहा डीएवी स्कूल, ‘येलो डे’ पर नन्हे बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा

गिरिडीह:- बद्रीनारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल, सिरसिया में शनिवार को बाल-वाटिका (एलकेजी से कक्षा-2) के बच्चों ने उत्साह और उमंग के साथ “येलो डे” मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक परंपरा के अनुसार हवन-यज्ञ से हुई। इसका उद्देश्य बच्चों को पीले रंग के महत्व से परिचित कराना और खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया को रोचक बनाना था।

विद्यालय परिसर को पीले रंग की आकर्षक सजावट से सजाया गया था। सभी बच्चे पीले परिधान में विद्यालय पहुंचे और केला, आम, सूरजमुखी, नींबू, गेंद, तितली जैसी पीले रंग की वस्तुओं का परिचय दिया। बच्चों ने रंग पहचान, कविता, गीत, नृत्य और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

शिक्षिकाओं ने खेल-खेल में बच्चों को पीले रंग का महत्व, उससे जुड़ी वस्तुओं और प्रकृति में उसके उपयोग की जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। रंगों के माध्यम से सीखने से उनकी अवलोकन क्षमता, अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए बच्चों, अभिभावकों और शिक्षिकाओं को बधाई दी।