“कोई भी पात्र मतदाता नहीं छूटेगा”: SIR-2026 में वॉलंटियर्स की अहम भूमिका, डीसी ने दिए निर्देश

“कोई भी पात्र मतदाता नहीं छूटेगा”: SIR-2026 में वॉलंटियर्स की अहम भूमिका, डीसी ने दिए निर्देश

गिरिडीह, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को सफल बनाने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ना तथा सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है। प्रत्येक बीएलओ के साथ एक-एक वॉलंटियर की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो मैदानी कार्यों में सहयोग करेंगे।

वॉलंटियर्स विशेष रूप से वृद्ध, दिव्यांग, गंभीर रूप से बीमार एवं आर्थिक रूप से कमजोर मतदाताओं की सहायता करेंगे। साथ ही अनमैप्ड मतदाताओं की पहचान, दस्तावेजों का सत्यापन, नामांकन प्रपत्र भरवाने और पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने में भी सहयोग करेंगे।

उपायुक्त ने कहा कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए गांव-गांव जाकर नए मतदाताओं की पहचान की जाएगी।

वॉलंटियर्स बीएलओ-बीएलए-2 बैठकों, ASDDF सूची के सत्यापन, दस्तावेजीकरण तथा जागरूकता अभियान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यदि किसी प्रकार की फर्जी जानकारी या संदिग्ध गतिविधि सामने आती है तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी जाएगी।

उपायुक्त ने सभी बीएलओ, सुपरवाइजर, वॉलंटियर्स एवं निर्वाचन कर्मियों से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि “SIR-2026 केवल पुनरीक्षण अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतंत्र की मुख्यधारा से जोड़ने का जनभागीदारी अभियान है। हमारा लक्ष्य है कि जिले का कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।”