गांडेय में फाइनेंस कर्मी से ₹1.30 लाख की लूट, हवाई फायरिंग से दहशत
गिरिडीह जिले के गांडेय प्रखंड स्थित बंधाबाद में गुरुवार दोपहर हथियारबंद अपराधियों ने भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड के असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर सौरव शर्मा से ₹1 लाख 30 हजार रुपये लूट लिए। बताया गया कि सौरव शर्मा लोन की वसूली कर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। विरोध करने पर अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और नकदी से भरा बैग छीन लिया। जाते-जाते बदमाश उनकी बाइक की चाबी भी अपने साथ ले गए। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर कमलेश पासवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

