मंईयां सम्मान योजना से गिरिडीह की 4.55 लाख महिलाओं को ₹227.75 करोड़
मंईयां सम्मान योजना की बड़ी सौगात: गिरिडीह की 4.55 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे ₹227.75 करोड़
गिरिडीह: मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत गिरिडीह जिले की 4 लाख 55 हजार 518 महिलाओं को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व और मंत्री सुदीव्य कुमार के मार्गदर्शन में अप्रैल और मई 2026 की सम्मान राशि के रूप में कुल 227 करोड़ 75 लाख 90 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभुकों के बैंक खातों में भेजे गए हैं।
योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला को दो माह की कुल 5 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई है। इससे जिले की लाखों महिलाओं को आर्थिक संबल मिलने के साथ उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। राज्य सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर, सशक्त और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है।
प्रखंडवार भुगतान की बात करें तो सबसे अधिक जमुआ में 53,740, धनवार में 47,767, डुमरी में 41,113 और गिरिडीह प्रखंड में 39,217 महिलाओं को योजना का लाभ मिला। वहीं गिरिडीह नगर निगम, बेंगाबाद, गांडेय, देवरी, बिरनी, सरिया, बगोदर, पीरटांड़ सहित जिले के सभी प्रखंडों और नगर निकायों में भी सफलतापूर्वक भुगतान किया गया।
इस संबंध में उपायुक्त रामनिवास यादव ने बताया कि सभी संबंधित विभागों और बैंकिंग संस्थानों के समन्वय से भुगतान प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की गई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक पात्र लाभुक तक योजना का लाभ समय पर पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जा सके।

