गिरिडीह में अकीदत के साथ निकला मुहर्रम का ताजिया जुलूस, इमाम हुसैन की शहादत को दी गई श्रद्धांजलि

गिरिडीह। मुहर्रम की दसवीं यानी आज शुक्रवार को हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में जिले के विभिन्न इलाकों में ताजिया जुलूस निकाले गए। मोहनपुर, बरवाडीह, पचंबा, खारियाडीह, सिकदारडीह, बुढ़ियाखाद, अम्बाटांड़ समेत शहर के आसपास के दर्जनों मोहल्लों व गांवों में पारंपरिक रीतियों के साथ ताजिया इमामबाड़ों तक पहुंचाए गए।
जुलूसों में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और युवा शामिल हुए। अकीदतमंदों ने “या हुसैन” के नारों के साथ ताजिया उठाए और मातम करते हुए मार्च किया। इमामबाड़ों के पास ताजिया पहुंचने पर मौजूद मौलवियों ने फातिहा पढ़कर हजरत इमाम हुसैन और उनकी शहादत को खिराज-ए-अकीदत पेश किया।
फातिहा के पश्चात रोट, मलीदा, शरबत एवं अन्य नियाज़ अकीदतमंदों में वितरित किए गए। कई अकीदतमंद कर्बला शरीफ पहुंचकर फातिहा और चादरपोशी में शामिल हुए तथा हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानी को याद कर अमन, भाईचारे और इंसानियत के लिए दुआ की। आयोजकों ने बताया कि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और सुरक्षा व्यवस्था के प्रति सभी सहयोगी रहे।