अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 9000 किलो जावा महुआ व 350 लीटर शराब नष्ट
अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 9000 किलो जावा महुआ व 350 लीटर शराब नष्ट
गिरिडीह : जिले में अवैध शराब निर्माण एवं कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरहमोरिया गांव में उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में जावा महुआ और अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की। छापेमारी के दौरान संचालित अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया तथा मौके पर ही हजारों किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट किया गया उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश तथा अधीक्षक उत्पाद शिव प्रसाद साहू के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बराहमोरिया गांव में सघन छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त लगभग 9000 किलोग्राम जावा महुआ तथा बिक्री के लिए तैयार करीब 350 लीटर महुआ चुलाई शराब बरामद हुई। बरामद सामग्री को नियमानुसार नष्ट कर दिया गया छापेमारी दल के पहुंचते ही अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ जिलेभर में अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन द्वारा ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई की जाएगी अभियान में मुफ्फसिल थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक श्याम0 किशोर महतो, उत्पाद अवर निरीक्षक महेंद्र देवगम, पुलिस अवर निरीक्षक प्रियानन, सहायक अवर निरीक्षक राहुल कुमार सहित उत्पाद विभाग, पुलिस बल, गृहरक्षक बल एवं जिला क्यूआरटी के जवान शामिल थे।

