मोतीलेदा बालू घाट पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर लेकर भागा चालक, दुर्घटना में बाल-बाल बचे चौकीदार

मोतीलेदा बालू घाट पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर लेकर भागा चालक, दुर्घटना में बाल-बाल बचे चौकीदार

गिरिडीह ब्यूरो हेड चंदन पांडे के खबर का दिखा असर जिससे प्रशासन के द्वारा बालू माफियाओं पर हुई कार्रवाई, माफियाओं में मचा हड़कंप

गिरिडीह, बेंगाबाद: अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ बेंगाबाद प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को मोतीलेदा बालू घाट पर अंचल अधिकारी सफी आलम के नेतृत्व में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया।
प्रशासनिक निर्देश के अनुसार जब्त ट्रैक्टर को थाना भेजा जा रहा था। ट्रैक्टर पर एक चौकीदार भी मौजूद था। इसी दौरान चालक ने अचानक वाहन लेकर भागने की कोशिश की और तेज रफ्तार में ट्रैक्टर को दौड़ा दिया। भागने के क्रम में तेलोनारी गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रैक्टर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।
गनीमत रही कि हादसे में चालक और ट्रैक्टर पर सवार चौकीदार दोनों सुरक्षित बच गए। घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मोतीलेदा बालू घाट से एनजीटी के नियमों की अनदेखी करते हुए प्रतिदिन बड़ी मात्रा में बालू का अवैध उठाव किया जाता है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।