मोहर्रम से पहले नगर ऊंटारी में फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था हुई कड़ी
श्री बंशीधर नगर:–मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार की शाम नगर ऊंटारी पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। आगामी शुक्रवार को मोहर्रम पर्व के अवसर पर निकलने वाले ताजिया, अखाड़ा एवं मातमी जुलूस को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
फ्लैग मार्च पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद के नेतृत्व में शहर के बिशुनपुर , चचेरिया,जंगीपुर, पाल्हे कलां सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस बल ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।
थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखा जाएगा। ताजिया एवं अखाड़ा जुलूस के निर्धारित मार्गों, चौक-चौराहों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) को सक्रिय रखा गया है। वहीं सोशल मीडिया पर भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली गतिविधियों पर नजर रखने के लिए साइबर सेल को भी अलर्ट मोड में रखा गया है। पुलिस प्रशासन ने सभी समुदायों के लोगों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की है, ताकि मोहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो सके। फ्लैग मार्च में रमना थाना प्रभारी आकाश कुमार, बिशनपुरा थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद थे।





