बिजली संकट पर फूटा गुस्सा! मकतपुर चौक जाम, विभाग के खिलाफ नारेबाजी
बिजली कटौती से गुस्साए लोगों ने मकतपुर चौक किया जाम, लगे विभाग विरोधी नारे, सतगलिया-आसपास की गलियों में एक सप्ताह से बत्ती गुल, फोर फोट्टी से जले उपकरण, नगर थाना पुलिस पहुंची, आक्रोशित लोगों को समझाने में जुटी
गिरिडीह. लगातार बिजली कटौती और लो वोल्टेज से परेशान मकतपुर के सतगलिया और आसपास की गली के लोगों ने बुधवार को मकतपुर चौक जाम कर दिया. आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से इलाके में बिजली की भारी समस्या है. बार-बार फोर फोट्टी होने के कारण कई घरों के बिजली उपकरण जल गए हैं. टीवी, फ्रिज, पंखे खराब हो गए. लोगों ने बताया कि कई बार विभाग से व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. अधिकारी फोन नहीं उठाते. थक-हारकर आज सड़क पर उतरना पड़ा. सड़क जाम की सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है. जाम के कारण मकतपुर-रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई.

