JAC की स्टेट टॉपर पूनम कुमारी NEET सॉल्वर गैंग मामले में गिरफ्तार
बिहार के लखीसराय में नीट-यूजी परीक्षा के दौरान सॉल्वर गैंग के भंडाफोड़ मामले में गिरफ्तार की गई छात्राओं में गिरिडीह जिले की पूनम कुमारी का नाम सामने आने के बाद उसके परिवार में मातम सा माहौल है।
पूनम के माता-पिता का कहना है कि उनकी बेटी पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रही है और संभवतः किसी गैंग के झांसे में आकर इस मामले में फंस गई। गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र अंतर्गत खरटी गांव निवासी पूनम कुमारी वर्तमान में बीएचयू (वाराणसी) से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है।
उसकी गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद परिवार गहरे सदमे में है।
पूनम कुमारी वर्ष 2021-22 में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की इंटर साइंस परीक्षा में राज्य टॉपर बनी थी। 500 अंकों की परीक्षा में उसने 469 अंक प्राप्त किए थे। अंग्रेजी में 96, फिजिक्स में 89, केमिस्ट्री में 92, बायोलॉजी में 95 तथा सीएमएस में 97 अंक हासिल कर उसने पूरे राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया था।

