गिरिडीह में नशा मुक्ति अभियान, छात्रों को किया गया जागरूक

गिरिडीह। जिले में उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर चल रहे निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता अभियान के तहत आज मकतपुर उच्च विद्यालय, गिरिडीह में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से उत्पन्न शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। आशुतोष ठाकुर ने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और उनका स्वस्थ, शिक्षित व जागरूक होना समाज के समग्र विकास के लिए अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य पर बुरा असर डालता है बल्कि परिवार और समाज के विकास में भी बाधा बनता है।
आशुतोष ठाकुर ने छात्रों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समुदाय में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया और स्वस्थ व सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने का संदेश देने का प्रतिज्ञा किया।
जिला प्रशासन द्वारा संचालित यह अभियान जिलेभर में लगातार जारी है और इसका उद्देश्य युवाओं एवं आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर एक स्वस्थ, सुरक्षित तथा नशामुक्त समाज का निर्माण करना बताया गया।