मैदान मिलेगा तो पलामू भी ओलंपिक तक पहुंचेगा : सुमित बर्मन
मैदान मिलेगा तो पलामू भी ओलंपिक तक पहुंचेगा : सुमित बर्मन
मेदिनीनगर, पलामू। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर द कराटे एकेडमी के निर्देशक सुमित बर्मन ने पलामूवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि बच्चों के बेहतर भविष्य, अनुशासन, आत्मविश्वास और देश के गौरव का माध्यम है। उन्होंने जिले के अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को खेलों से जोड़ें और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि आज खेलों के माध्यम से खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। पलामू में भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। जिले में जूडो, वुशु, बॉक्सिंग, तीरंदाजी, राइफल शूटिंग, जिमनास्टिक, एथलेटिक्स, कुश्ती, वॉलीबॉल सहित कई ओलंपिक खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके बावजूद संसाधनों और सुविधाओं की कमी के कारण अनेक प्रतिभाएं अपनी मंजिल तक नहीं पहुंच पाती हैं।
सुमित बर्मन ने कहा कि पिछले 18 वर्षों के दौरान उन्होंने ऐसे कई खिलाड़ियों को देखा है जो आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद अपने सपनों को जिंदा रखे हुए हैं। कई अभिभावक अपनी सीमित आय के बावजूद बच्चों को प्रतियोगिताओं में भेजते हैं। ऐसे खिलाड़ियों और अभिभावकों का हौसला बढ़ाना समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया कि खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त खेल मैदान, प्रशिक्षण स्थल और स्टेडियम में जगह उपलब्ध कराई जाए। आज भी मेदिनीनगर शहर में खिलाड़ियों के लिए खेल सुविधाओं और मैदानों की कमी महसूस की जाती है। यदि खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिलें, तो पलामू के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पलामू में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल अवसर, संसाधन और सहयोग की है। यदि अभिभावक बच्चों को खेलों से जोड़ें और प्रशासन खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराए, तो वह दिन दूर नहीं जब पलामू का कोई खिलाड़ी ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा।
अंत में उन्होंने कहा, “पलामू के खिलाड़ियों के पास हौसला और प्रतिभा दोनों हैं। जरूरत सिर्फ एक ऐसे मंच की है जहां उनकी मेहनत को सही दिशा मिल सके। मैदान मिलेगा तो पलामू भी ओलंपिक तक पहुंचेगा।”

