12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर झंडा मैदान में उमड़ा जनसैलाब

गिरिडीह। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले की झंडा मैदान में रविवार को एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारी, गिरिडीह नगर निगम की महापौर, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नशा मुक्ति संदेश का प्रसार करना बताया गया।
उपायुक्त रामनिवास यादव तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन व प्राणायाम से हुई। प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को योग के शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक लाभों के बारे में जानकारी दी और नियमित योग को स्वस्थ जीवन की कुंजी बताया।
योगाभ्यास के बाद जिला प्रशासन के नेतृत्व में नशा मुक्त जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में आला अधिकारी, महापौर, स्थानीय नागरिक और स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिन्होंने नशा मुक्ति तथा स्वस्थ जीवन के संदेश के साथ शहर में पदयात्रा की। समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और यह व्यक्ति को स्वस्थ व तनावमुक्त जीवन प्रदान करता है। उपायुक्त ने नशा मुक्ति को लेकर विशेष रूप से कहा कि नशा करने वाले लोग केवल अपना ही नहीं बल्कि अपने परिवार, नाते-रिश्तेदारों और पूरे समाज पर भी गहरा दुष्प्रभाव डालते हैं। उन्होंने बताया कि नशे की लत से पारिवारिक समरस्ता टूटती है, आर्थिक स्थिति प्रभावित होती है और युवा पीढ़ी का भविष्य अंधकारमय हो जाता है। इसलिए सामाजिक ज़िम्मेदारी निभाते हुए हर व्यक्ति को नशे के खिलाफ सजग रहने, प्रभावितों की मदद करने और नशामुक्त जीवन को अपनाने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है।
वहीं एसपी डॉ. विमल कुमार ने भी नागरिकों से अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने तथा नशे से दूर रहने की अपील की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों व स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। आयोजन का समापन नियमित योगाभ्यास और स्वस्थ जीवन के संकल्प के साथ किया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समुदाय में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होते हैं और आगे भी समय-समय पर इस तरह के प्रयास जारी रहेंगे।