धनवार में केंद्रीय विद्यालय का शुभारंभ, ग्रामीण बच्चों को मिलेगी राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा

गिरिडीह। जिले के धनवार प्रखंड में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई और ऐतिहासिक शुरुआत करते हुए आज केंद्रीय विद्यालय धनवार का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी और उपायुक्त रामनिवास यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा फीता काटकर किया। समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
उद्घाटन सत्र के बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनसे समस्त उपस्थित जनमानस का मन जीत लिया। कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का औपचारिक स्वागत भी किया गया और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन एवं उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य अतिथि और कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराना है। धनवार में केंद्रीय विद्यालय का शुभारंभ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि इस विद्यालय के माध्यम से क्षेत्र के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा, आधुनिक संसाधन और बेहतर अवसर मिलेंगे, जिससे उन्हें बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का आग्रह किया।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि धनवार में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना एक अत्यंत सराहनीय और ऐतिहासिक पहल है। वर्तमान में विद्यालय वैकल्पिक व्यवस्था के तहत प्रारंभ किया गया है, जबकि अगले दो वर्षों के भीतर इसका अपना भव्य और अत्याधुनिक भवन बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि नामांकन प्रक्रिया में निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन होगा और विध्यार्थियों को समय पर गुणवत्तापूर्ण पाठ्यपुस्तकें तथा अन्य आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए वे व्यक्तिगत स्तर पर निगरानी करेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि केंद्रीय विद्यालय से क्षेत्र की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार होगा तथा स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलने में मदद मिलेगी।