नशा मुक्ति अभियान को लेकर 20 जून को आयोजित साइक्लोथॉन को सफल बनाने को लेकर डीसी ने की समीक्षा बैठक

नशा मुक्ति अभियान को लेकर 20 जून को आयोजित साइक्लोथॉन को सफल बनाने को लेकर डीसी ने की समीक्षा बैठक

पर्यावरण संरक्षण,नशामुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली के संदेश के साथ निकलेगी साइकिल रैली

जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त पलामू श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में आगामी 20 जून 2026 को आयोजित होने वाले साइक्लोथॉन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु विभिन्न विभागों एवं आयोजकों के साथ आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में पलामू जिला साइक्लिंग एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने साइक्लोथॉन की रूपरेखा से उपायुक्त को अवगत कराया। बताया कि पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जन-जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित साइक्लोथॉन 20 जून को प्रातः 6 बजे ब्राइट लैंड स्कूल से प्रारंभ होकर बाईपास मार्ग एवं बीसफुट्टा होते हुए पुलिस लाइन तक पहुंचेगी , जहां इसका समापन होगा।

उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि यह आयोजन जन-जागरूकता के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति लोगों को प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।इसके जरिए लोगों से फीट रहने व नशा से दूर रहने की अपील की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आयोजन के सफल संचालन हेतु समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अधिक से अधिक लोगों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया।

उन्होंने सिविल सर्जन को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं एवं एम्बुलेंस उपलब्ध कराने तथा जिला खेल पदाधिकारी को खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों से भी अपने अधीनस्थ कर्मियों को कार्यक्रम में भाग लेने हेतु प्रेरित करने को कहा।

बैठक में आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने का आश्वासन दिया।इस अवसर पर सदर एसडीएम सुलोचना मीणा, ट्रेनी आईएएस,सिविल सर्जन,जिला खेल पदाधिकारी,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी,एसडीपीओ,समाज कल्याण पदाधिकारी,पलामू जिला साइकलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोहर कुमार,सचिव सनत चटर्जी, कोषाध्यक्ष साहेब सिंह नामधारी, मीडिया प्रभारी सौरभ कुमार, प्रवक्ता राजीव मुखर्जी समेत संगठन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।