बेतला पोखरी कला से उमराह के लिए रवाना हुआ श्रद्धालुओं का जत्था, हुआ भव्य सम्मान
बरवाडीह प्रखंड के बेतला पोखरी कला गांव से मुस्लिम समुदाय के लगभग एक दर्जन श्रद्धालुओं का जत्था मंगलवार को पवित्र उमराह यात्रा के लिए रवाना हुआ। यात्रा पर जाने से पूर्व श्रद्धालुओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।विधायक रामचंद्र सिंह की अनुपस्थिति में उनके निर्देश पर यूवा कांग्रेस के प्रदेश समन्वयक विजय बहादुर सिंह ने उमराह यात्रियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी सुखद एवं सफल यात्रा की कामना की। इसके बाद श्रद्धालुओं को सड़क मार्ग से डाल्टेनगंज रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया। वहां से वे गरीब रथ एक्सप्रेस के माध्यम से दिल्ली पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 जून को सभी श्रद्धालु दिल्ली से हवाई मार्ग द्वारा सऊदी अरब के लिए रवाना होंगे, जहां वे उमराह की धार्मिक रस्में अदा करेंगे।इस अवसर पर विजय बहादुर सिंह सहित अन्य उपस्थित लोगों ने उमरा यात्रियों से क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि तथा आपसी भाईचारे और प्रेम बनाए रखने के लिए दुआ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्राएं समाज में सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करती हैं।मौके पर बीस सूत्री अध्यक्ष नसीम अंसारी, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह, शहीद अंसारी, हसीब अंसारी, बहाउद्दीन अंसारी सहित कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

