गिरिडीह–दिल्ली रेल संपर्क को मजबूत करने की मांग पर रेलवे बोर्ड ने लिया संज्ञान
गिरिडीह–दिल्ली रेल संपर्क को मजबूत करने की मांग पर रेलवे बोर्ड ने लिया संज्ञान
गिरिडीह।
गिरिडीह जिले के लाखों रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर एक अहम प्रगति सामने आई है। न्यू गिरिडीह रेलवे स्टेशन से संचालित 14049/14050 गोड्डा–नई दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन के फेरे सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर कम-से-कम तीन दिन किए जाने की मांग पर रेलवे बोर्ड ने संज्ञान लिया है। सामाजिक एवं सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल द्वारा रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष को भेजे गए पत्र के बाद इस मामले को आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित अधिकारी को अग्रसारित कर दिया गया है।
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी पत्र के अनुसार इस मांग पर विचार एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए मामले को रेलवे बोर्ड, रेल भवन नई दिल्ली के कार्यकारी निदेशक श्री रत्नेश कुमार झा के पास भेजा गया है। इसे गिरिडीह जिले के रेल यात्रियों की मांग को मिली एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहल माना जा रहा है।
ज्ञात हो कि गिरिडीह झारखंड के सबसे बड़े एवं अधिक आबादी वाले जिलों में शामिल है। जिले से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा, व्यवसाय, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक कार्यों के सिलसिले में दिल्ली एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की यात्रा करते हैं। इसके बावजूद न्यू गिरिडीह रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के लिए प्रत्यक्ष रेल सुविधा के रूप में केवल सप्ताह में एक दिन गोड्डा–नई दिल्ली एक्सप्रेस का संचालन किया जा रहा है, जो यात्रियों की आवश्यकता की तुलना में बेहद कम माना जा रहा है।
प्रस्ताव में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि इस ट्रेन का परिचालन सप्ताह में तीन दिन कर दिया जाए तो गिरिडीह समेत आसपास के क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही यात्रियों की संख्या बढ़ने से भारतीय रेल के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
रेल यात्रियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रेलवे बोर्ड द्वारा मामले को संबंधित कार्यकारी निदेशक के पास भेजे जाने का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि जनहित, यात्री सुविधा और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
अब गिरिडीह जिले की जनता रेलवे प्रशासन से यह अपेक्षा कर रही है कि यात्री भार और लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए न्यू गिरिडीह–नई दिल्ली रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए गोड्डा–नई दिल्ली एक्सप्रेस के फेरे जल्द बढ़ाए जाएंगे।

