दिल्लीवासियों को बिजली का झटका, हर महीने बढ़ेगा बिजली बिल
नई दिल्ली: जून की भीषण गर्मी के बीच दिल्लीवासियों को महंगी बिजली का झटका लगा है। दिल्ली बिजली नियामक आयोग (DERC) ने BRPL, BYPL और TPDDL को अप्रैल 2026 के लिए पावर परचेज एडजस्टमेंट चार्ज (PPAC) की मासिक वसूली की अनुमति दे दी है। पहले यह शुल्क हर तीन महीने में लगाया जाता था, लेकिन अब उपभोक्ताओं को हर महीने अतिरिक्त भुगतान करना होगा।
DERC के आदेश के अनुसार, टाटा पावर (TPDDL) क्षेत्र के उपभोक्ताओं को करीब 1 फीसदी अधिक बिल देना होगा, जबकि BSES (BRPL और BYPL) क्षेत्र में रहने वालों के बिजली बिल में 2.5 से 3.5 फीसदी तक बढ़ोतरी होगी। हालांकि, 200 से 500 यूनिट तक दिल्ली सरकार की सब्सिडी लेने वाले उपभोक्ताओं पर इसका असर नहीं पड़ेगा।
बिजली खरीद लागत, कोयला और ईंधन की बढ़ती कीमतों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि बिजली वितरण कंपनियों पर वित्तीय संकट का खतरा न बढ़े। अब ज्यादा बिजली खर्च करने वाले घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय माना जा रहा है।

