विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण, ऑनलाइन क्विज एवं पर्यावरण संरक्षण संकल्प का आयोजन

गुमला, 05 जून 2026:

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर झारखंड शिक्षा परियोजना, गुमला द्वारा “हरित गुमला, हरित झारखंड” अभियान के तहत पौधारोपण के साथ गूगल लिंक आधारित ऑनलाइन पर्यावरण जागरूकता क्विज का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों के बीच पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

जिले के विभिन्न विद्यालयों तथा शिक्षा कार्यालय एवं डायट गुमला में पौधरोपण के साथ सभी सीआरपी, बीआरपी, शिक्षा कर्मियों एवं शिक्षकों के सहयोग से ऑनलाइन क्विज लिंक का भी व्यापक प्रसार किया गया, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। “दस मिनट, दस सवाल” की थीम पर आधारित इस क्विज में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, जल संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण एवं सतत विकास से संबंधित प्रश्न शामिल थे।

इसके अतिरिक्त पर्यावरण संरक्षण अनुकूल आदतों की प्रतिबद्धता हेतु गुगल लिंक के माध्यम से ऑनलाइन संकल्प दिलाया गया एवं प्रतिभागियों से पर्यावरण-अनुकूल आदतें अपनाने, पौधरोपण करने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया।

जिला स्तर पर इस अनूठी गतिविधि को व्यापक जनभागीदारी प्राप्त हुई, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचा। इस अवसर पर विभिन्न स्तरों पर पौधारोपण सहित पर्यावरण संरक्षण अनुकूल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया गया तथा प्रतिभागियों ने हरित जीवन शैली अपनाने हेतु प्रतिबद्धता जताते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया ।

You may have missed