गांडेय थाना में वृक्षारोपण कर पुलिसकर्मियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को गांडेय थाना परिसर में पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व गांडेय अंचल इंस्पेक्टर कमलेश पासवान ने किया। इस मौके पर निवर्तमान थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह, नए थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी समेत कई पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर में पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। पुलिसकर्मियों ने पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने का संकल्प लिया तथा आम लोगों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए बेहद जरूरी हैं और इनके संरक्षण से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा। कार्यक्रम में थाना मुंशी सुजय कुमार सहित अन्य कर्मी भी उपस्थित रहे।

