लेट सत्र और लंबित रिजल्ट से परेशान GCPA कॉलेज के छात्रों ने नगर पंचायत अध्यक्ष के साथ प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन,

नौडीहा बाजार/ पप्पू यादव

*पलामू जिले के छतरपुर GCPA कॉलेज सडमा में लेट चल रहे सत्र और लंबे समय से लंबित पड़े परीक्षा परिणामों (रिजल्ट) को लेकर छात्रों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। जीसीपीए (GCPA) कॉलेज सडमा के परेशान और आक्रोशित छात्रों ने एकजुट होकर नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता के नेतृत्व में कॉलेज के प्राचार्य अकलेश कुमार से मुलाकात की और उन्हें अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा।

छात्रों का कहना है कि सत्र में देरी होने और रिजल्ट समय पर न आने की वजह से उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है। वे न तो आगे की पढ़ाई के लिए सही समय पर आवेदन कर पा रहे हैं और न ही किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में उन्हें स्पष्टता मिल पा रही है। बार-बार कॉलेज प्रशासन का चक्कर काटने के बाद भी जब कोई ठोस समाधान नहीं निकला, तो छात्रों ने नगर पंचायत अध्यक्ष से मदद की गुहार लगाई।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने सीधे VC से की बात
छात्रों की गंभीर समस्या को देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता तुरंत एक्शन में आए। उन्होंने ज्ञापन सौंपने के दौरान ही कॉलेज परिसर से सीधे विश्वविद्यालय के कुलपति (VC) से फोन पर संपर्क साधा। अरविंद कुमार गुप्ता ने कुलपति को छात्रों की जायज मांगों और उनकी मानसिक परेशानी से विस्तार से अवगत कराया।

उन्होंने वीसी से कहा कि सत्र को नियमित करना और रिजल्ट समय पर जारी करना विश्वविद्यालय की प्राथमिक जिम्मेदारी है, ताकि छात्रों का साल और भविष्य बर्बाद न हो।

मिला जल्द समाधान का आश्वासन
नगर पंचायत अध्यक्ष से बातचीत के बाद कुलपति (VC) ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनों को जल्द से जल्द दूर कर लिया जाएगा। वीसी ने आश्वासन दिया है कि लंबित रिजल्ट को प्राथमिकता के आधार पर जल्द घोषित किया जाएगा और लेट चल रहे सत्र को पटरी पर लाने के लिए भी विशेष कदम उठाए जा रहे हैं।

कुलपति से मिले इस सकारात्मक आश्वासन के बाद छात्रों ने राहत की सांस ली है। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि जब तक उनकी समस्या का पूरी तरह समाधान नहीं हो जाता, वह उनके हक की लड़ाई में साथ खड़े रहेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान भारी संख्या में कॉलेज के छात्र और छात्र नेता मौजूद रहे।