गिरिडीह में जाम से राहत की तैयारी, फुटपाथ दुकानों को हुट्टी बाजार में किया जाएगा शिफ्ट

गिरिडीह शहर में बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए नगर निगम ने फुटपाथ दुकानों को व्यवस्थित करने की योजना शुरू की है। शहर के चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों के किनारे लगने वाली सब्जी, फल, कपड़ा और अन्य फुटपाथ दुकानों को जल्द ही हुट्टी बाजार परिसर में शिफ्ट किया जाएगा। नगर निगम ने लक्ष्य रखा है कि यह प्रक्रिया अगले 20 दिनों के भीतर पूरी कर ली जाए। इसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सड़क किनारे दुकानें लगने से शहर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होती है। कई प्रमुख मार्गों पर रोजाना जाम की स्थिति बनती है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में सड़कें संकरी हो जाने से वाहन संचालन भी बाधित होता है और यातायात पुलिस को जाम हटाने में लगातार मशक्कत करनी पड़ती है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर के व्यस्त मार्गों पर अब किसी भी हाल में सड़क किनारे दुकानें नहीं लगने दी जाएंगी। सभी फुटपाथ दुकानदारों को हुट्टी बाजार परिसर में स्थान दिया जाएगा, ताकि वे व्यवस्थित तरीके से अपना कारोबार कर सकें।