पलामू के रामपुर गांव में फायरिंग, जमीन विवाद में एक की मौत कई घायल

पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जमीन विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। रामपुर गांव में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प और गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। पूरे इलाके में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि रामपुर गांव में लंबे समय से जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। शुरुआत कहासुनी से हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि जमकर मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान गोलीबारी भी हुई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

इस हिंसक घटना में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर भेजा गया। अस्पताल में इलाज के दौरान सिकंदर चौधरी, उम्र लगभग 30 वर्ष, की मौत हो गई। सिकंदर की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।

वहीं घायलों में यशवंत कुमार, उम्र 16 वर्ष, मधु चौधरी, उम्र 74 वर्ष, संजय चौधरी और सकेंद्र चौधरी शामिल हैं। सभी का इलाज एमएमसीएच में जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में घायलों का उपचार किया जा रहा है।

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि मुखिया पति मंटू सिंह के परिवार के एक सदस्य ने गोली चलाई, जिसके कारण यह बड़ी घटना हुई। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अभी आधिकारिक रूप से किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

इस मामले को लेकर चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच संघर्ष हुआ है, जिसमें गोली चलने की भी बात सामने आई है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपी गिरफ्त में होंगे।

फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

ऐसी ही हर बड़ी और विश्वसनीय खबर के लिए जुड़े रहिए City News Palamu के साथ।