अंबेडकर पार्क में योग केंद्र निर्माण के विरोध में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी का धरना
आज दिनांक 11 मई 2026 को भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिला अध्यक्ष चंदू राम एवं आजाद समाज पार्टी, पलामू जिला इकाई के जिला अध्यक्ष सुनील उरांव की संयुक्त अध्यक्षता में डॉ० अंबेडकर पार्क में “योगा केंद्र” के नाम पर जिला प्रशासन एवं नगर निगम की मिलीभगत से हो रहे अतिक्रमण के विरोध में विशाल रैली एवं धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया।
रैली नामधारी महिला कॉलेज से प्रारंभ होकर कचहरी चौक, छः मुहान चौक होते हुए अंबेडकर पार्क पहुंची, जहां बड़ी संख्या में भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं बहुजन समाज के लोगों ने भाग लेकर आंदोलन को सफल बनाया। तत्पश्चात रैली एकदिवसीय धरना प्रदर्शन में तब्दील हो गई।
धरना प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष चंदू राम एवं जिला अध्यक्ष सुनील उरांव ने संयुक्त रूप से कहा कि बाबा साहब डॉ० भीमराव अंबेडकर केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के आत्मसम्मान, संविधान एवं सामाजिक न्याय के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा एवं अंबेडकर पार्क की गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान आजाद समाज पार्टी के नेता मुमताज अहमद खान एवं अजय सिंह चेरो ने संयुक्त रूप से जिला प्रशासन एवं नगर निगम मेयर अरुणा शंकर पर अंबेडकर पार्क में अतिक्रमण कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि योग केंद्र के लिए आखिर अंबेडकर पार्क ही क्यों चुना गया? कहीं यह अंबेडकर पार्क को “योगा पार्क” में बदलने की साजिश तो नहीं है। यदि ऐसा है तो भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि अंबेडकर पार्क बहुजन समाज, दलित, आदिवासी, पिछड़े एवं मुस्लिम समाज की आस्था से जुड़ा स्थल है, यहां किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं मौके पर उपस्थित आजाद समाज पार्टी के नेता नागमणि रजक ने कहा कि मेयर चुनाव जीतने के बाद पहला ज्ञापन भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी की ओर से दिया गया था, जिसमें अंबेडकर पार्क के सौंदर्यीकरण, पुस्तकालय निर्माण एवं बाबा साहब के जीवन और विचारों को जानने हेतु अंबेडकर संग्रहालय बनाने की मांग की गई थी। लेकिन इन जनहित एवं सामाजिक मांगों को नजरअंदाज कर कुछ लोगों के दबाव में योग केंद्र बनवाना अत्यंत निंदनीय है।
भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं पलामू प्रशासन से मांग की कि अंबेडकर पार्क में “योगा केंद्र” के नाम पर हो रहे निर्माण/अतिक्रमण को तत्काल रोका जाए तथा पार्क का सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, CCTV कैमरा, बैठने हेतु बेंच एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही अंबेडकर संग्रहालय एवं “अंबेडकर पुस्तकालय” निर्माण की मांग भी उठाई गई।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से चंदू राम, सुनील उरांव, मुमताज अहमद खान, अजय सिंह चेरो, नागमणि रजक, राम कुमार रवि, आशा अंबेडकर, सत्यप्रकाश कुमार, सुहैल अंसारी, राजा रवि, रवि कुमार,अबूदर्दा खान, अनुराग भारती, राहुल कुमार, प्रदीप कुमार, छोटू अंबेडकर, सुजीत कुमार, यशवंत पासवान, जितेंद्र कुमार, उपेंद्र कुमार, सतेंद्र कुमार, सचिन कुमार, रंजीत कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं हजारों बहुजन समाज के लोग उपस्थित रहे।


