पेंशन एवं मंईयां सम्मान योजना के सत्यापन में पैसे मांगने की शिकायत पर प्रशासन सख्त

पेंशन एवं मंईयां सम्मान योजना के सत्यापन में पैसे मांगने की शिकायत पर प्रशासन सख्त

पाटन (पलामू): पाटन प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, डॉ अमित कुमार झा के द्वारा राज्य प्रायोजित पेंशन योजना, केंद्र प्रायोजित पेंशन योजना एवं मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के भौतिक सत्यापन को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है कि सत्यापन कार्य के दौरान कुछ आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं द्वारा लाभुकों से पैसे मांगने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। यहां तक कि पैसा नहीं देने पर लाभुकों को अयोग्य घोषित करने की बात भी कही जा रही है।

कार्यालय द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सत्यापन कार्य पूरी तरह निःशुल्क है तथा किसी भी प्रकार की राशि लेना या मांगना गलत एवं दंडनीय माना जाएगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त निगरानी एवं शिकायतों की जांच के लिए पाटन परियोजना क्षेत्र के विभिन्न सेक्टरों में महिला पर्यवेक्षिकाओं की प्रतिनियुक्ति की गई है। जारी आदेश के अनुसार अलग-अलग सेक्टरों की जिम्मेदारी संबंधित महिला पर्यवेक्षिकाओं को सौंपी गई है।

आदेश में यह भी निर्देश दिया गया है कि जिन सेविका या सहायिका के विरुद्ध इस प्रकार की शिकायत प्रमाणित होती है, उनके नाम स्पष्ट अनुशंसा के साथ कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए, ताकि विभागीय कार्रवाई एवं सेवा समाप्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

बाल विकास परियोजना पदाधिकारी डॉ अमित कुमार झा ने सभी संबंधित कर्मियों को पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।