समाहरणालय स्थित आधार सेंटर का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण, पारदर्शी और समयबद्ध सेवा देने के निर्देश
समाहरणालय स्थित आधार सेंटर का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण, पारदर्शी और समयबद्ध सेवा देने के निर्देश
गिरिडीह : समाहरणालय परिसर स्थित आधार सेंटर का गुरुवार को उपायुक्त रामनिवास यादव ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आधार कार्ड निर्माण, नाम व पता संशोधन, मोबाइल नंबर अपडेट समेत विभिन्न सेवाओं की प्रक्रिया का जायजा लिया तथा केंद्र पर मौजूद लोगों से सीधे संवाद कर सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी प्राप्त की उपायुक्त ने आधार सेंटर में कार्यरत कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजनों को त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड आज हर नागरिक के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है, इसलिए इसके निर्माण और संशोधन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कतार में खड़े लोगों से आवेदन की स्थिति, प्रतीक्षा समय और सेवा की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। कई लोगों ने केंद्र में मिल रही सुविधाओं पर संतोष जताया, जबकि कुछ लोगों ने तकनीकी समस्याओं और भीड़ की स्थिति से अवगत कराया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने तथा लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने का निर्देश दिया उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को प्राथमिकता के आधार पर सेवा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही आधार से संबंधित सभी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और समयबद्ध तरीके से कार्य निष्पादित करने पर विशेष जोर दिया उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता की सुविधाओं को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और सरकारी सेवाओं को अधिक सरल, सुलभ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

