पांकी में धूमधाम से मना मुहर्रम, निकला भव्य ताजिया जुलूस; सौहार्द और भाईचारे का दिया गया संदेश

पांकी में धूमधाम से मना मुहर्रम, निकला भव्य ताजिया जुलूस; सौहार्द और भाईचारे का दिया गया संदेश

पारंपरिक अखाड़ा कला का हुआ प्रदर्शन, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद, जनप्रतिनिधियों व प्रशासन ने किया स्वागत

पांकी प्रखंड में शुक्रवार को मुहर्रम का पर्व श्रद्धा, आस्था और आपसी भाईचारे के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पांकी मस्जिद स्थित पांकी मुहर्रम शहीदने हुसैन कमेटी, मोहर्रम इंतजामिया कमेटी पुरानी पांकी, टाटीदीरी कमेटी सहित विभिन्न अखाड़ों एवं मोहल्लों की ओर से पारंपरिक ताजिया जुलूस निकाला गया। जुलूस में हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। ताजिया जुलूस अपने निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए विभिन्न चौक-चौराहों एवं मोहल्लों तक पहुंचा। इस दौरान अखाड़ों के युवाओं ने पारंपरिक शस्त्र संचालन, लाठी, तलवार एवं अन्य हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का मन मोह लिया। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने ताजियों का स्वागत किया तथा शर्बत एवं पेयजल की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं की सेवा की। जुलूस के दौरान “या हुसैन” की सदाओं से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी तथा प्रशासनिक अधिकारी लगातार पूरे कार्यक्रम की निगरानी करते रहे। पुलिस पदाधिकारी और जवान जुलूस के साथ-साथ चलकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद ने कहा कि मुहर्रम केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि त्याग, बलिदान, धैर्य, सत्य और मानवता का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि पांकी की पहचान सदैव सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब रही है। सभी समुदायों के सहयोग एवं आपसी विश्वास के कारण यह पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने लोगों से भविष्य में भी प्रेम, एकता और भाईचारे की भावना को बनाए रखने की अपील की। मुहर्रम के सफल आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अखाड़ा समितियों एवं प्रशासन की सक्रिय भूमिका रही। पूरे दिन क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और लोगों ने आपसी भाईचारे एवं सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल पेश की। इस दौरान प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद, उपप्रमुख अमित चौहान, थाना प्रभारी दीपक सिंह, जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष मिथिलेश पांडे, जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी, समाजसेवी मुकेश सिंह चंदेल, पांकी पूर्वी मुखिया प्रेम प्रसाद, विधानसभा प्रत्याशी सह समाजसेवी ओंकार नाथ जायसवाल, पूर्व मुखिया शंकर प्रसाद, एजाज खान, बबलू सिंह, मनोज सिंह, पारस सिंह, उपमुखिया अनारिक राम सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर ताजिया जुलूस का स्वागत कर लोगों को मुहर्रम की शुभकामनाएं दीं। वहीं आयोजन को सफल बनाने में कमेटी के सदर अबुल हसन, आसिफ हुसैन, तौकीर आलम, हसन अंसारी, इम्तियाज अंसारी सहित बड़ी संख्या में कमेटी के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी रही। उनके सहयोग और अनुशासन के कारण पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।