पालकोट में भीषण सड़क हादसा, पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, सात घायल; एक की हालत गंभीर, रिम्स रेफर
पालकोट में भीषण सड़क हादसा, पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, सात घायल; एक की हालत गंभीर, रिम्स रेफर
गुमला (पालकोट) – गुमला जिले के पालकोट-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी सात लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया, जबकि तीन अन्य का इलाज गुमला सदर अस्पताल में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी हैं। इनमें अभय सिंह, मंटू गुप्ता, शिवानी ठाकुर और मिथिलेश ठाकुर सहित सात लोग शामिल थे। सभी बिहार के छपरा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद देवघर में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पालकोट के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा भिड़ी।
हादसे की सूचना मिलते ही पालकोट थाना पुलिस और एंबुलेंस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे सभी घायलों को बाहर निकालकर गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में अभय सिंह, मंटू गुप्ता और शिवानी ठाकुर का इलाज चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल मिथिलेश ठाकुर को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया। वहीं अन्य तीन घायलों को मामूली चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को माना जा रहा है। घटना के बाद कुछ समय तक मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस ने स्थिति को जल्द ही सामान्य कर यातायात बहाल करा दिया।

