तेलोडीह में 5 हेक्टेयर में बनी आधुनिक वन नर्सरी, जल्द आम लोगों को मिलेंगे पौधे

तेलोडीह में 5 हेक्टेयर में बनी आधुनिक वन नर्सरी, जल्द आम लोगों को मिलेंगे पौधे।

गिरिडीह वन प्रक्षेत्र के तेलोडीह में 5 हेक्टेयर में विकसित स्थायी वन नर्सरी पूरी तरह तैयार है। 16 अप्रैल को इसका उद्घाटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू एवं विधायक कल्पना सोरेन ने किया। नर्सरी में वर्तमान में करीब 2 लाख पौधे तैयार हैं, जबकि 1 लाख और तैयार किए जा रहे हैं।

यहां 31 प्रकार के फूल व पौधे विकसित किए गए हैं। खास बात यह है कि आधुनिक ग्रीन हाउस में हाइब्रिड फूल और कलम (ग्राफ्टेड) पौधे तैयार किए जा रहे हैं, जो जल्द ही आम लोगों के लिए उपलब्ध होंगे।

नर्सरी की कुल क्षमता 5 लाख पौधे तैयार करने की है, जो क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।

डीएफओ मनीष कुमार तिवारी ने बताया कि यह नर्सरी पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने की दिशा में अहम पहल है। यहां उच्च गुणवत्ता के पौधे तैयार किए जा रहे हैं, जिससे वनरोपण कार्यक्रमों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।