गुमला चैंबर ऑफ कॉमर्स की नव-नियुक्त उपायुक्त से शिष्टाचार भेंट, शहर की समस्याओं पर सौंपा सुझाव-पत्र

गुमला चैंबर ऑफ कॉमर्स की नव-नियुक्त उपायुक्त से शिष्टाचार भेंट, शहर की समस्याओं पर सौंपा सुझाव-पत्र

गुमला — गुमला चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने नव-नियुक्त उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर चैंबर प्रतिनिधियों ने शहर की प्रमुख नागरिक समस्याओं से भी उपायुक्त को अवगत कराते हुए समाधान की अपेक्षा रखी।
बैठक की शुरुआत चैंबर के उपाध्यक्ष बबलू वर्मा द्वारा नई कमेटी का परिचय कराने से हुई। इसके बाद अध्यक्ष राज लोहानी ने सदर अस्पताल में चिकित्सकों की कमी, उपचार सुविधाओं में आ रही दिक्कतों तथा ब्लड बैंक से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि इन कारणों से आम नागरिकों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है।
उपाध्यक्ष बबलू वर्मा ने शहर में रात्रि 8 बजे के बाद विभिन्न मार्गों से भारी वाहनों के प्रवेश के कारण लगने वाले जाम की समस्या पर ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि इस समय ट्रैफिक दबाव बढ़ने से आम लोगों, मरीजों और विद्यार्थियों को काफी परेशानी होती है, इसलिए इस पर नियमनात्मक कार्रवाई आवश्यक है।
चैंबर के सचिव प्रणय कुमार साहू ने शहर में आधारभूत सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए उपायुक्त से प्राथमिकता के आधार पर पहल करने का आग्रह किया।
बैठक में चैंबर के पूर्व अध्यक्ष दिनेश प्रतिक अग्रवाल, संजीव मालानी सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित विषयों पर यथोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। यह मुलाकात शहर के प्रशासन और व्यापारिक समुदाय के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।