जय किसान हाई स्कूल, रायडीह में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान 572 विद्यार्थियों ने ली नियम पालन की शपथ
जय किसान हाई स्कूल, रायडीह में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान 572 विद्यार्थियों ने ली नियम पालन की शपथ
रायडीह (गुमला) | 27 अप्रैल 2026 — रायडीह प्रखंड स्थित जय किसान हाई स्कूल में सोमवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो के निर्देश पर और जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल की पहल से जिले के स्कूलों में चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा था। कार्यक्रम में विद्यालय के 572 विद्यार्थियों सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में ‘डेन्जर्स एडवेंचर्स अन्तर्वेद स्पोर्ट्स’ के पैदल विश्व भ्रमण दल के सदस्य—जितेंद्र प्रताप, महेंद्र प्रताप और गोविंदा नंद—विशेष रूप से उपस्थित रहे। यह दल विश्व शांति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न राज्यों में पदयात्रा कर रहा है और गुमला के बाद लातेहार के लिए प्रस्थान करेगा।
सड़क सुरक्षा प्रबंधक और उपस्थित अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया में सीट बेल्ट के उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल से दूरी, तेज रफ्तार से बचाव और शराब पीकर वाहन न चलाने जैसे बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे इन बातों को अपने घर-परिवार तक भी पहुंचाएं।
टीम ने यह भी बताया कि वर्तमान में अधिकतर सड़क दुर्घटनाएं बाइक से जुड़ी लापरवाहियों—जैसे ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट और तेज रफ्तार—के कारण हो रही हैं। जागरूकता के माध्यम से इन घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर ‘गुड सेमेरिटन’ (नेक व्यक्ति) योजना की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाता है, तो उसे ₹2000 की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मोटरयान निरीक्षक प्रदीप कुमार तिर्की, थाना प्रभारी संदीप कुमार, सड़क सुरक्षा प्रबंधक कुमार प्रभाष, आईटी सहायक मंटू रवानी, रोड इंजीनियरिंग एनालिस्ट प्रणय कांशी सहित विद्यालय परिवार की सक्रिय भूमिका रही।




