दुनदुरिया बस स्टैंड पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई: नियम तोड़ने पर ‘बसंत बस’ जब्त, गुमला थाना को सुपुर्द
दुनदुरिया बस स्टैंड पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई: नियम तोड़ने पर ‘बसंत बस’ जब्त, गुमला थाना को सुपुर्द
गुमला — उपायुक्त दिलेश्वर महतो के निर्देश पर जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में 24 अप्रैल 2026 को जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल के नेतृत्व में ललित उरांव बस स्टैंड, दुनदुरिया में सघन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान ‘बसंत बस’ नियमों का उल्लंघन करते हुए पाई गई। विभागीय टीम ने बस के दस्तावेजों और परिचालन से जुड़े प्रावधानों की गहन जांच की, जिसमें अनियमितताएं सामने आने पर बस को तत्काल जब्त कर गुमला थाना को सुपुर्द कर दिया गया। साथ ही संबंधित संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई।
डीटीओ ने स्पष्ट संदेश दिया कि यात्री सुरक्षा सर्वोपरि है और परिवहन नियमों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोबारा उल्लंघन पाए जाने पर परमिट रद्द करने सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप है। डीटीओ ने आम लोगों से अपील की कि वे केवल वैध दस्तावेजों और नियमों का पालन करने वाले वाहनों से ही यात्रा करें। जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

