किशुनपुर पंचायत को मिला मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार, मुखिया सुमन गुप्ता सम्मानित

किशुनपुर पंचायत को मिला मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार, मुखिया सुमन गुप्ता सम्मानित

सीताराम सोनी/पाटन

पाटन (पलामू): प्रखंड क्षेत्र के किशुनपुर पंचायत के लिए अत्यंत गर्व और खुशी का क्षण रहा, जब पंचायत को ‘मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना’ के तहत उत्कृष्ट पंचायत के रूप में चयनित किया गया। यह सम्मान राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस के अवसर पर रांची स्थित खेलगांव में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया।

इस मौके पर किशुनपुर पंचायत की मुखिया सुमन गुप्ता को माननीय मंत्री के हाथों सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि न केवल पंचायत प्रतिनिधियों बल्कि पूरे क्षेत्र के नागरिकों के लिए गर्व का विषय है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद मुखिया सुमन गुप्ता ने कहा कि यह पुरस्कार पूरी पंचायत टीम, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के सहयोग, विश्वास और सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी पंचायत को आदर्श बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पंचायत के विकास और बेहतर कार्यों की पहचान बताया। पंचायत के इस सम्मान से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोगों में आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिली है।