महिला आरक्षण और परिसीमन पर कांग्रेस का केंद्र पर हमला, गुमला में प्रेस वार्ता कर उठाए सवाल
महिला आरक्षण और परिसीमन पर कांग्रेस का केंद्र पर हमला, गुमला में प्रेस वार्ता कर उठाए सवाल
गुमला। जिला कांग्रेस कमिटी गुमला ने स्थानीय परिसदन गुमला में प्रेस वार्ता आयोजित कर महिला आरक्षण कानून और परिसीमन के मुद्दे पर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने कांग्रेस का पक्ष रखते हुए भाजपा पर राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दे को जोड़ने का आरोप लगाया।
राजनील तिग्गा ने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण की समर्थक रही है और वर्ष 2023 में कानून पारित होने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने प्रश्न किया कि यदि केंद्र सरकार महिलाओं के हित में गंभीर है, तो अब तक कानून को लागू क्यों नहीं किया गया। उनका कहना था कि विपक्ष ने महिला आरक्षण का नहीं, बल्कि उससे जोड़ी गई परिसीमन प्रक्रिया का विरोध किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन को महिला आरक्षण से जोड़कर भ्रम की स्थिति बनाई गई, जिससे बिल पर सियासी लाभ लेने की कोशिश हुई। तिग्गा ने चुनौती देते हुए कहा कि केंद्र सरकार मौजूदा 543 लोकसभा सीटों की संरचना के भीतर ही महिला आरक्षण लागू करे और परिसीमन को अलग रखे।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने महिला आरक्षण को शीघ्र लागू करने की मांग दोहराई और केंद्र सरकार के रुख पर सवाल उठाए।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष जय सिंह, रफी अली, जिला कार्यकारी महिला अध्यक्ष मीना टोप्पो, सिमडेगा विधायक प्रतिनिधि मनीष हिंदुस्तान, प्रखंड अध्यक्ष गुलाम सरवर, सीता देवी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

