पांकी में धूमधाम से मनाई गई बाबा साहब की 135वीं जयंती

पांकी में धूमधाम से मनाई गई बाबा साहब की 135वीं जयंती

वक्ताओं ने बाबा साहब के विचारों को किया साझा, सामाजिक एकता और शिक्षा पर दिया जोर

संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर पांकी स्थित अम्बेडकर चौक पर भव्य कार्यक्रम आयोजित कर बड़े ही धूमधाम से उनकी जयंती मनाई गई ।
इस अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य चौक स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित करने के साथ हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद शामिल हुए, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उप प्रमुख अमित चौहान, जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी, मुखिया प्रेम प्रसाद, भाजपा नेता शंकर प्रसाद उप मुखिया अनारिक राम समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा कार्यक्रम समिति के अन्य सदस्य भी आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाते नजर आए। मुख्य अतिथि पंचम प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब ने देश को एक मजबूत और समावेशी संविधान प्रदान कर हर वर्ग को समान अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने कहा कि आज भी उनके विचार समाज को दिशा देने का काम कर रहे हैं और हमें उनके सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारने की आवश्यकता है। जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी ने कहा कि बाबा साहब ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे बड़ा हथियार बताया था। उन्होंने कहा कि यदि समाज को आगे बढ़ाना है तो शिक्षा के महत्व को समझते हुए उनके विचारों को अपनाना होगा। वहीं मुखिया प्रेम प्रसाद ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समर्पण और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है, जो आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम के दौरान शंकर प्रसाद गुप्ता ने कहा कि बाबा साहब के आदर्श एक समतामूलक और न्यायपूर्ण समाज की स्थापना का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि उनके विचारों को अपनाकर ही समाज में वास्तविक बदलाव संभव है। अन्य वक्ताओं ने भी बाबा साहब के जीवन, उनके संघर्ष, सामाजिक न्याय के लिए किए गए कार्यों और संविधान निर्माण में उनकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान उपस्थित लोगों ने बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने और शिक्षा को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन और उत्साह का माहौल बना रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति की अहम भूमिका रही। मौके पर अध्यक्ष धनंजय कुमार रवि, उपाध्यक्ष मंजीत कुमार रवि, सचिव मुकेश कुमार रवि, उपसचिव लालजी कुमार रवि, कोषाध्यक्ष आयुष कुमार, उप कोषाध्यक्ष कमलेश कुमार रवि सहित निरंजन कुमार एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया और समाज में एकता एवं भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।