नगर निकाय चुनाव से पहले ईवीएम सुरक्षा की समीक्षा, उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने चंदाली वेयरहाउस का किया सघन निरीक्षण

नगर निकाय चुनाव से पहले ईवीएम सुरक्षा की समीक्षा, उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने चंदाली वेयरहाउस का किया सघन निरीक्षण

गुमला – आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने चंदाली स्थित ईवीएम वेयरहाउस का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन आयोग के मानकों की गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस की सुरक्षा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्य स्थिति, निगरानी व्यवस्था और उपकरणों के रखरखाव की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही संपूर्ण परिसर का भ्रमण कर विद्युत व्यवस्था, बैलट यूनिट हॉल, अग्निशमन प्रणाली, कमरों की सीलिंग और डबल लॉक सिस्टम की स्थिति की जांच की।
उपायुक्त ने निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ईवीएम की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रहनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा निर्वाचन कार्यालय के कर्मी मौजूद रहे।