बसिया में उमड़ा 7 हजार छात्रों का जनसैलाब, सड़क सुरक्षा की महा-पाठशाला में लिया जीवन रक्षा का संकल्प
बसिया में उमड़ा 7 हजार छात्रों का जनसैलाब, सड़क सुरक्षा की महा-पाठशाला में लिया जीवन रक्षा का संकल्प
गुमला | 24 जनवरी 2026
सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत शनिवार को बसिया प्रखंड के मानफोर्ड स्कूल परिसर में जागरूकता का ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला, जहां क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 7000 विद्यार्थियों ने एक साथ सड़क सुरक्षा का संदेश आत्मसात किया। जिला प्रशासन की इस अनूठी पहल ने कार्यक्रम को एक जन-आंदोलन का रूप दे दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) ज्ञान शंकर जायसवाल एवं मोटर यान निरीक्षक (एमवीआई) की टीम ने तकनीक, संवाद और कला के माध्यम से विद्यार्थियों को यातायात नियमों की अहमियत समझाई।
नियम बोझ नहीं, जीवन का कवच हैं – डीटीओ
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डीटीओ ज्ञान शंकर जायसवाल ने भावनात्मक अपील करते हुए कहा की सड़क पर नियम जुर्माने के डर से नहीं, बल्कि अपनों के प्यार के लिए माने जाते हैं। हमारा उद्देश्य चालान काटना नहीं, बल्कि हर व्यक्ति को सुरक्षित घर तक पहुंचाना है। आप सभी विद्यार्थी समाज में सड़क सुरक्षा की क्रांति के ध्वजवाहक हैं।
हेलमेट और सीट बेल्टजीवन और मृत्यु की दीवार – एमवीआई
मोटर यान निरीक्षक ने तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा की हेलमेट और सीट बेल्ट कोई सजावटी वस्तु नहीं, बल्कि दुर्घटना के समय जीवन और मृत्यु के बीच की सबसे मजबूत दीवार हैं। आपकी एक छोटी सी लापरवाही पूरे परिवार को गहरे संकट में डाल सकती है।”
‘राहवीर योजना’ बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के दौरान राहवीर योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। डीटीओ ने घोषणा की कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को ‘गोल्डन आवर’ में अस्पताल पहुंचाने वाले नेक इंसान को सरकार की ओर से ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि एवं सम्मान पत्र प्रदान किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों के मन से कानूनी भय हटाकर उन्हें मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करना है।
एलईडी वैन और नुक्कड़ नाटक ने छोड़ी गहरी छाप
जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए एलईडी वैन के माध्यम से सड़क हादसों के वैज्ञानिक कारणों एवं बचाव के उपाय दिखाए गए। वहीं, कलाकारों द्वारा प्रस्तुत मार्मिक नुक्कड़ नाटक ने छात्रों को भावुक कर दिया और यह संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न हिस्सा है।
कार्यक्रम की प्रमुख झलकियां:
7000 से अधिक विद्यार्थियों की ऐतिहासिक सहभागिता
डिजिटल एलईडी वैन से नियमों की जीवंत प्रस्तुति सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” का सामूहिक शपथ ग्रहण
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे अपने घर जाकर माता-पिता और परिजनों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और सुरक्षित वाहन चलाने के लिए प्रेरित करेंगे। जिला प्रशासन का यह प्रयास अब गुमला जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर एक सशक्त जन-आंदोलन का रूप लेता जा रहा है।


