प्रभातफेरी निकालकर बंगाली समाज ने नेताजी को याद किया
प्रभातफेरी निकालकर बंगाली समाज ने नेताजी को याद किया
इप्टा और मासूम के कलाकारों ने गाए जनवादी गीत
प्रतिनिधि, मेदिनीनगर
शुक्रवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर बंगाली समाज के लोगों ने प्रभातफेरी निकालकर उन्हें याद किया। स्थानीय बंगला पुस्तकालय से शहर के मुख्य मार्गों से होता हुआ सुभाष चौक तक प्रभातफेरी निकाली गई। सुभाष चौक पर स्थापित नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया व जनवादी गीत प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का आयोजन बंगीय दुर्गा बाड़ी व बंगाली समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर इप्टा और मासूम के कलाकारों ने जनवादी गीत शहीदों तेरे नगमे हम गायेंगे, गाएगा सारा जहां एवं हक की लड़ाई है ये हक की लड़ाई है प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बंगीय दुर्गा बाड़ी के अध्यक्ष देवेश मोइत्रा ने कहा कि नेताजी सिर्फ किसी एक खास समय के नेता नहीं थे, उनके जैसे लीडर सदियों में पैदा होते है और सदियों तक समाज और देश का नेतृत्व करते है। आज नेताजी हमारे बीच नहीं है लेकिन उनके आदर्श आज भी युवाओं का नेतृत्व कर रहा है। इप्टा के पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि नेताजी इस देश के जन जन के नेता है। कोई भी राजनीतिक पृष्ठभूमि के लोग नेताजी के आदर्श को अस्वीकार नहीं कर सकते। कार्यक्रम का संचालन बंगाली समिति के सचिव सैकत चटर्जी ने किया। इस अवसर पर दुर्गा बाड़ी से पार्थ प्रतिम गुप्ता, सुदीप रॉय चौधरी, देवाशीष सेनगुप्ता, उज्ज्वल सेनगुप्ता, गौतम घोष, बंगाली समिति से प्रसेनजीत दासगुप्ता, सौभिक दत्ता, शांतनु घोष, जयंत चटर्जी, नव कुमार राहा, अमर कुमार भांजा, इप्टा से प्रेम प्रकाश, अजीत ठाकुर, संजीत दुबे, मासूम आर्ट ग्रुप से मोहम्मद नसीम, राज प्रतीक पाल आदि मौजूद थे।

