“मेराल में केसीसी ऋण को लेकर किसानों के साथ बैठक, 20 किसानों ने किया आवेदन”
मेराल प्रखंड मुख्यालय के सभागार में केसीसी ऋण को लेकर सीओ सह प्रभारी बीडीओ यशवंत नायक की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक किया गया। जिसमें मुख्य रूप से बैंक के एलडीएम सत्यदेव रंजन एफएलसी कमल कुमार तथा सीएफएलसी श्याम सुंदर महतो मुख्य रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर बीटीएम प्रवीण कुमार मिश्रा ने उपस्थित किसानों के बीच केसीसी ऋण के लिए फार्म का वितरण किया। जबकि सुयोग्य श्रेणी के 20 किसानों के द्वारा केसीसी फॉर्म जमा किया गया। इस अवसर पर एलडीएम ने उपस्थित किसानों एवं किसान मित्रों को बताया कि केंद्र सरकार किसानों की आय दोगुना करने के उद्देश्य से बैंक के माध्यम से केसीसी ऋण 7% पर देता है। जिसमें बैंक से लगातार लेनदेन करने वाले किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज देना पड़ता है। उन्होंने बताया कि केसीसी ऋण लेने के बाद बैंक को राशि अदा नहीं करने वाले किसानों को डिफॉल्टर घोषित किया जाता है। जिस कारण वैसे किसानों एवं उनके बच्चों को शिक्षा के लिए ऋण एवं आवास ऋण , व्यवसाय ऋण भी नहीं मिल पाता है। जबकि बेहतर खाता संचालन करने वाले स्टैंडर्ड खाता धारक को सरकार के द्वारा ऋण माफी योजना का भी लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि केसीसी ऋण देने में बैंक के लिए कोई बाध्यता और सीमा नहीं होता है। चुकी उच्च श्रेणी के किसानों को कभी भी खरीफ एवं रबी फसल के लिए ऋण दिया जाता है। इस अवसर पर एफएलसी कमल कुमार एवं कृषि पदाधिकारी रामनाथ चौधरी ने भी किसानों से संबंधित अपना अपना विचार रखा। इस अवसर पर किसान मित्र वीरेंद्र महतो, रामाशंकर चौबे, चंदेश्वर राम, अशोक महतो रवि कुमार पांडेय,रामराज राम, संगीता देवी, सुनीता देवी ,सुरेंद्र बैठा सहित अनेकों लोग मौजूद थे।

