नगर निकाय चुनाव में देरी को लेकर भाजपा सड़क पर उतरी, जिला मुख्यालय के मुख्य द्वार पर किया जोरदार प्रदर्शन

नगर निकाय चुनाव में देरी को लेकर भाजपा सड़क पर उतरी, जिला मुख्यालय के मुख्य द्वार पर किया जोरदार प्रदर्शन

गिरिडीह। नगर निकाय चुनाव में हो रही देरी को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी सड़क पर उतर आई। कार्यकर्ताओं ने शहर में पैदल मार्च निकालते हुए जिला समाहरणालय पहुंचकर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और जल्द चुनाव कराने की मांग उठी।
विरोध प्रदर्शन में पूर्व सांसद रविंदर राय, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम, निवर्तमान महापौर सुनील पासवान, जिला अध्यक्ष महादेव दुबे, विनय सिंह व नगर अध्यक्ष हरविंदर सिंह बग्गा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने हाथों में पार्टी का झंडा लिए सरकार विरोधी नारे लगाए और नगर निकाय चुनाव शीघ्र कराने की मांग की।
नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जानबूझकर नगर निकाय चुनाव में देरी कर रही है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो रही है। लंबे समय से नगर निकाय संस्थाएं भंग पड़ी हैं, जिसके कारण शहरी विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार जनता के अधिकारों की उपेक्षा कर रही है और चुनाव से बचने की कोशिश में है।
भाजपा ने मांग की कि नगर निकाय चुनाव अविलंब और पार्टी आधारित कराए जाएं। साथ ही मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) का प्रयोग किया जाए। नेताओं का कहना था कि पार्टी आधारित चुनाव से जनता अपने प्रतिनिधियों को जवाबदेह बना सकेगी।
प्रदर्शन के अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि जल्द चुनाव की घोषणा नहीं की गई तो पार्टी व्यापक आंदोलन करेगी। नेताओं ने कहा कि भाजपा जनता की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक उठाने के लिए संघर्षरत रहेगी।